



नवगछिया । बिहपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत एनडीए कार्यालय में शुक्रवार को राज्य के पिछड़ा/अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हरि सहनी का भाजपा विधायक इंजीनियर शैलेंद्र के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में जनसंघठन के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मौके पर जदयू के प्रदेश सचिव सह बिहार राज्य नागरिक परिषद के सदस्य पप्पू सिंह निषाद, राजस्थान के भरतपुर की पूर्व सांसद व वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य रंजीता कोली तथा जयपुर उत्तर (राजस्थान) की भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति तंवर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. गौतम ने किया।

अपने संबोधन में मंत्री हरि सहनी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई जाति या धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि राष्ट्र के नाम पर लड़ी थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि मतदान करते समय जाति या धर्म नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को प्राथमिकता दें। मंत्री ने यह भी कहा कि जातिवादी राजनीति और तुष्टीकरण की नीति को वोट की ताकत से खत्म किया जाना चाहिए।
मंत्री ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों और उनके बलिदानों की जानकारी दें, ताकि उनमें देशभक्ति की भावना जागृत हो सके।

कार्यक्रम में श्री सहनी ने यह भी जानकारी दी कि जिस तरह 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाकर दीपोत्सव मनाया गया था, उसी तरह 8 अगस्त 2025 को बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुनौरधाम स्थित माता सीता की जन्मस्थली पर बने भव्य मंदिर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में किया जाएगा। यह दिन बिहार के लिए गौरव का क्षण होगा।
विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि आठ अगस्त को हम सभी क्षेत्रवासी अपने-अपने घरों और नजदीकी मंदिरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाएंगे। यह न केवल आस्था का पर्व होगा, बल्कि बिहार के सांस्कृतिक गौरव को भी स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में काजल कुमारी, अभय कुमार राय, दिलीप महतो, ब्रजेश चौधरी, अपूर्व रंजन, राहुल कुमार, बिक्की चौधरी, अरुण चौधरी, मृत्युंजय पाठक, संजय राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा और जदयू के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।













