



भागलपुर । भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में चल रही राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के मैच सेमीफाइनल तक पहुँच गए हैं। सोमवार को पहला सेमीफाइनल तिरहुत प्रमंडल और दरभंगा प्रमंडल के बीच खेला गया।
तिरहुत प्रमंडल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। तिरहुत प्रमंडल की ओर से हिमांशु राज ने 24 गेंद में 32 रन बनाए जबकि आशीष राज ने 19 गेंद में 30 रनों का योगदान दिया। दरभंगा प्रमंडल की ओर से मनीष कुमार ने चार ओवर में 31 रन खर्च करके तीन विकेट हासिल किए, वहीं कृष अमित और अंकित कुमार ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दरभंगा प्रमंडल अपनी पूरी टीम 14 ओवर और 4 गेंद में 61 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम में कृष कुमार ने 15 रन बनाकर अपने टीम को संभालने का प्रयास किया। मनीष कुमार ने 14 रन और अंकित कुमार ने 17 रन बनाए, जबकि बाकी सभी बल्लेबाज सिंगल डिजिट पर ही आउट हुए। तिरहुत प्रमंडल की ओर से मणिकांत कुमार ने 2.3 ओवर में 14 रन खर्च करके तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए और टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाई। हर्षित और आसिफ ने दो-दो विकेट लेकर योगदान दिया।

इस प्रकार तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 75 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया। मैन ऑफ द मैच मणिकांत कुमार को दिया गया।
तिरहुत प्रमंडल की जीत के बाद मंगलवार को दूसरा सेमीफाइनल भागलपुर और मगध प्रमंडल के बीच खेला जाएगा। मैच के निर्णायक आशुतोष कुमार (पटना) और अभय कुमार (भागलपुर) रहे। स्कोर की भूमिका में अंकित राज और ऑनलाइन स्कोरशीट में सौरभ कुमार रहे। मौसम के कारण पहले विकेट में हुई देरी के चलते दूसरा सेमीफाइनल कल खेला जाएगा।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 26 नवंबर को पूर्वाहन 10 बजे से खेला जाएगा। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह अपराह्न 4 बजे आयोजित किया जाएगा। जानकारी जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार द्वारा दी जा रही है।















