



भागलपुर । खेल विभाग बिहार, खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में सैंडिस कंपाउंड में आयोजित दस दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडल विद्यालय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को तिरहुत और मगध के बीच खेला गया।
फाइनल में मगध के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरहुत की टीम निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर केवल 117 रन ही बना सकी। तिरहुत की ओर से अभिनव कुमार ने 39 गेंदों पर नाबाद 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा आलोक सिंह ने 19 गेंद पर 17 रन तथा मणिकांत ने 8 गेंदों पर तेज 19 रन बनाए। इसी के आधार पर तिरहुत ने मगध के सामने 118 रनों का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम ने 19.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर खिताब अपने नाम किया। मगध की ओर से आदर्श कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाए। आयुष कुमार ने 36 गेंदों पर 30 रन तथा समीर मेहता ने 4 गेंदों पर 8 रन का योगदान दिया।
तिरहुत की गेंदबाजी में आलोक कुमार सिंह ने 2 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट लिए। मणिकांत ने 4 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट तथा शिवम् कुमार ने 4 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
मैच में अंपायर की भूमिका सुनील कुमार और राजेश कुमार (पटना) ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में अंकित राज और हिमांशु मौजूद रहे। मैन ऑफ द मैच आदर्श कुमार (मगध) तथा मैन ऑफ द सीरीज मणिकांत (तिरहुत) को चुना गया। बेस्ट बॉलर का खिताब तिरहुत के मणिकांत तथा बेस्ट बल्लेबाज का खिताब मगध के आदर्श कुमार को मिला।

मैच में चयनकर्ता धनंजय कुमार, शैलेंद्र कुमार दीक्षित, नवीन भूषण शर्मा सहित अंपायर मनोज गुप्ता और जयंत कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कड़ी नजर रखी, ताकि सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रतियोगिता के बाद समापन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, वरीय कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र कुमार, जिला क्रिकेट संघ के आनंद मिश्रा, सचिव जयशंकर ठाकुर, संयुक्त सचिव सुबीर मुखर्जी सहित विभिन्न पदाधिकारी, प्रशिक्षक, चयनकर्ता तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं विवरण जिला खेल पदाधिकारी भागलपुर, जयनारायण कुमार द्वारा दिया गया।
















