5
(1)

भागलपुर । खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वाधान में भागलपुर सैंडिस कंपाउंड में जारी नौ दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल अंडर 19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का चौथा दिन गुरुवार को भी रोमांचक मुकाबलों के बीच संपन्न हुआ। ग्रुप ए के सभी लीग मैच पूरे हुए, जिसमें तिरहुत ने अपने तीनों लीग मैच जीतते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया और पूल विनर का गौरव प्राप्त किया। वहीं मगध प्रमंडल ने दो मैच जीतकर पूल रनर अप के रूप में सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सुबह के सत्र में ग्रुप ए का अंतिम लीग मुकाबला तिरहुत और कोशी के बीच खेला गया। कोशी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 20 ओवर में तिरहुत ने 7 विकेट के नुकसान पर 177 रनों का विशाल लक्ष्य बनाया। तिरहुत की ओर से शिवम् ने 64, मणिकांत ने 50 और अभिषेक ने 37 रनों का योगदान दिया। कोशी की ओर से नवीन ने 2 विकेट, आरव और अंकित ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कोशी की टीम 16.5 ओवर में 123 रन पर ऑल आउट हो गई। तिरहुत की ओर से मणिकांत ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए, जबकि विक्रम, सोनू और आसिफ ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस प्रकार तिरहुत ने यह मुकाबला 54 रनों से जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मणिकांत कुमार (तिरहुत प्रमंडल) को मिला।

दोपहर के सत्र में ग्रुप बी का पहला लीग मैच मेजबान भागलपुर और पटना के बीच खेला गया। मैच के मुख्य अतिथि जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार सिंह और जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार थे। पटना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 19.3 ओवर में 127 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। धनंजय ने 30, दिवाकर ने 18 और मोहित ने 14 रन बनाए। भागलपुर की ओर से विराज और सतेंद्र ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि आरव, अनय और रोहित ने एक-एक विकेट लिया। भागलपुर ने दूसरी पारी में अनय की 40, अभिषेक की 26 और आरव की 11 रनों की मदद से 5 विकेट से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच अनय कुमार (भागलपुर प्रमंडल) रहे।

प्रतिदिन की तरह इस दिन भी चयनकर्ता धनंजय कुमार, शैलेंद्र कुमार दीक्षित और नवीन भूषण शर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने खिलाड़ियों का बारीकी से मूल्यांकन किया। प्रत्येक बॉल पर नजर रखते हुए वे आगामी सेमीफाइनल और राज्य स्तरीय टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर रहे हैं।

शुक्रवार को प्रतियोगिता के पांचवें दिन सुबह 8 बजे मेजबान भागलपुर और दरभंगा के बीच पहला मैच खेला जाएगा, जबकि दोपहर 12 बजे मुंगेर और पटना के बीच दूसरा मैच खेला जाएगा। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव जयशंकर ठाकुर, संयुक्त सचिव सुबीर मुखर्जी, शारीरिक शिक्षक नीरज राय, नवीन भूषण, आलोक कुमार, संजीव कुमार सिंह, अशोक कुमार, देवीशंकर, वरुण गंगोत्री, जयंतो राज, चंद्रभूषण कुमार, राकेश कुमार, प्रधान लिपिक सतीश चंद्र, लिपिक मृणाल किशोर और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता का यह उत्साहपूर्ण माहौल खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए रोमांचक बना हुआ है और आने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए उम्मीद और उत्साह बढ़ा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: