



नवगछिया । नवगछिया मद्ध निषेध एवं उत्पाद विभाग के द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को सुबह करीब 9 बजे नवगछिया थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप वाहन जांच के दौरान एक ई-रिक्शा से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई।

मद्ध निषेध एवं उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन संख्या बीआर 10 ईबी 7718 पर शराब तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर जब वाहन की जांच की गई, तो उसमें कुल 16 कार्टन शराब लदी हुई पाई गई। इस दौरान मौके पर मौजूद शराब कारोबारी और ई-रिक्शा चालक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
नवगछिया मद्ध निषेध थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि बरामद शराब में तीन अलग-अलग ब्रांड की कुल 240 बोतलें शामिल थीं, जिसमें 180 लीटर विदेशी शराब और 48 लीटर केन बियर शामिल था। विस्तृत विवरण के अनुसार इम्पेरियल गोल्ड डार्क रम 750 एमएल का 11 कार्टन में 132 बोतल, टुबोर्ग प्रीमियम बियर 500 एमएल का 4 कार्टन में 96 बोतल और रॉयल स्टैग व्हिस्की 750 एमएल का 1 कार्टन में 12 बोतल जप्त किया गया।

मौके से गिरफ्तार शराब कारोबारी सुमन यादव, जो गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईंगांव के निवासी हैं, और ई-रिक्शा चालक धीरज कुमार सिंह को मद्ध निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। साथ ही, जप्त ई-रिक्शा को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
इस कार्रवाई के बाद नवगछिया क्षेत्र में शराब तस्करी पर विभाग की सतर्कता और कार्रवाई की गंभीरता स्पष्ट रूप से नजर आ रही है। अधिकारीयों ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई समय-समय पर की जाती रहेगी ताकि क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जा सके।

















