



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के मद्देनजर मतदाता जागरूकता को लेकर लगातार प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में 153-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रंगरा चौक प्रखंड में जीविका दीदियों द्वारा निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल हुईं। वे गांव-गांव जाकर जागरूकता रैली निकाल रही हैं तथा रंगोली निर्माण और परिचर्चा के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व से अवगत करा रही हैं। महिलाओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि वे बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का सही उपयोग करें।
अभियान के दौरान संकल्प सभाओं में जीविका दीदियों ने 11 नवंबर 2025 को निश्चित रूप से मतदान करने की शपथ ली। उन्हें चुनाव में अपनी जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अहमियत के बारे में विस्तार से बताया गया। ग्रामीण महिलाओं में उत्साह देखते ही बन रहा है और सभी आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिला रही हैं।
जीविका ग्राम संगठन के सहयोग से चल रहा यह अभियान मतदाताओं में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से मतदान प्रतिशत में सकारात्मक वृद्धि दर्ज होगी।
















