



नवगछिया । रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली गांव में एक महिला ने अपने पति सुनील दास पर गंभीर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह पिछले 10 दिनों से लगातार रंगरा थाने का चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक उसकी सुनवाई नहीं हुई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति सुनील दास का दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध है। इसी कारण वह घर में बार-बार झगड़ा करता है और महिला पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला करता है। महिला ने बताया कि यह प्रताड़ना लंबे समय से चल रही है और कई बार वह गंभीर रूप से घायल भी हो चुकी है।
पीड़िता का यह भी कहना है कि उसने कई बार थाना में शिकायत की, लेकिन थाना प्रभारी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों ने महिला की सुरक्षा को लेकर पुलिस से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में हस्तक्षेप नहीं हुआ, तो किसी बड़ी अनहोनी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
पीड़िता ने अब जिला स्तर के अधिकारियों और महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, स्थानीय लोग भी महिला को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं और मामले में उचित कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।













