



भागलपुर स्थित तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के लिए यह दिन ऐतिहासिक रहा। बिहार-झारखंड क्षेत्रीय निदेशालय के निदेशक श्री विनय कुमार का आगमन राष्ट्रीय एकता शिविर की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक तथा प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के उद्देश्य से हुआ। राष्ट्रीय एकता शिविर के सफल आयोजन को लेकर लगातार निरीक्षण और बैठकों का सिलसिला जारी है।

सर्वप्रथम राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक की अगुवाई में स्वयंसेवक आनंद के नेतृत्व में आयोजित एनएसएस परेड का क्षेत्रीय निदेशक द्वारा निरीक्षण एवं समीक्षा की गई। इसके पश्चात वे टीएनबी महाविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचार्य आवास, स्टेडियम तथा अल्पसंख्यक छात्रावास का विस्तृत निरीक्षण किया।
इसके बाद कार्यक्रम स्थल के चयन को लेकर मारवाड़ी महाविद्यालय के महिला प्रभाग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम पदाधिकारी के साथ तैयारी संबंधी बैठक भी आयोजित की गई। दोनों महाविद्यालयों के निरीक्षण के उपरांत खेलो इंडिया ऑडिटोरियम का भी अवलोकन किया गया।

अंत में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय एकता शिविर का आयोजन 4 फरवरी से किया जाएगा। शिविर का मुख्य कार्यक्रम स्थल मारवाड़ी महाविद्यालय का महिला प्रभाग निर्धारित किया गया है। इस शिविर में देश के 15 राज्यों से लगभग 200 प्रतिभागी भाग लेंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि राष्ट्रीय एकता शिविर के उद्घाटन समारोह के लिए महामहिम राज्यपाल महोदय से अनुरोध किया जाएगा। सभी अधिकारियों ने एकजुट होकर शिविर को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की।














