



गंभीर समस्या बन चुका हैं अतिक्रमण
दुकानदारों नें सड़कों पर सजाई हैं दुकानें
नवगछिया बाजार में रोजाना लग रहा जाम लोगों के लिये परेशानियों का सबब बन गया है. अतिक्रमण के कारण बाजार की सड़कें सकरी हो गयी है. जिसके कारण रोजाना स्टेशन रोड से लेकर महाराज जी चौक तक रोजाना दिन भर जाम लगा रहता है. दूसरी तरफ हरिया पट्टी, मोर पट्टी, स्टेशन रोड, वैशाली चौक से स्टेशन रोड सहित अन्य सड़कें भी अतिक्रमण के कारण जाम के जद में है. जबकि नवगछिया के स्टेशन रोड पर जाम का कारण अनाधिकृत रूप से लगने वाला सब्जी बाजार है.

जाम के कारण इन दिनों यात्रियों की ट्रेन भी छूट रही है. मालूम हो कि सब्जी हाट के लिये करीब दो वर्ष पहले नगर परिषद द्वारा जगह का आवंटन किया गया था. 123 सब्जी विक्रेताओं को जगह आवंटित किया गया था. लेकिन कुछ दिन बाद ही स्थिति पूर्ववत हो गयी. स्थानीय लोगों ने कहा कि जाम अब नासूर हो गया है, लेकिन इस दिशा में पहल करने वाला कोई नहीं दिख रहा है. विगत 10 वर्षों से लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं लेकिन कोई भी राजनीतिक दल या प्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं देते हैं.

नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी मिली है पूर्व में कोरोना काल के कारण प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा बाहर दुकान लगाने को कहा गया था मगर रेलवे की जमीन होने के कारण वहां आदेश नहीं दिया गया अब उस जमीन को राज्य सरकार लीज पर लेगी इसके बाद ही वहां हाट लग सकता है या अन्यथा मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के बाद ही स्टेशन रोड से जाम की समस्या से निजात मिल सकता है. नवगछिया नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुमित्रानंदन ने कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण दुकानदारों द्वारा किया गया है तो उन्हें पहले सड़कों से सामान हटाने के लिए कहा जाएगा अगर इसके बाद भी नहीं माने तो कार्रवाई की जाएगी.













