



भवानीपुर पुलिस ने आधे घंटे में चार अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
मृतक के पुत्र के बयान पर नौ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा गांव में रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे हिंसक झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल विवेकानंद सिंह उर्फ बिक्खी सिंह (50) को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया। वहीं उनकी नाज़ुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पीएमसीएच, पटना के लिए भेज दिया। लेकिन रास्ते में नवगछिया जीरोमाइल के पास देर रात करीब 1 बजे उनकी मृत्यु हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के पुत्र गोलू कुमार ने बताया कि गांव के ही बंटी मंडल, पिता भोथरी मंडल ने दो वर्ष पूर्व उनसे 70 हजार रुपये लिए थे। रुपये देते समय एक स्टाम्प पेपर पर बंटी मंडल ने हस्ताक्षर भी किया था। शनिवार को जब पैसे की मांग की गई तो बंटी मंडल और उसके भाइयों ने मिलकर लाठी और लोहे के रॉड से बेरहमी से विवेकानंद पर हमला कर दिया।
सूचना के बाद भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बंटी मंडल सहित चार अभियुक्त — लुखो मंडल, निकु मंडल और पंकज मंडल — सभी पिता भोथरी मंडल, को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना के बाद मृतक के घर मातम का माहौल है। पत्नी बुलबुल देवी, वृद्ध मां नर्मदा देवी और परिवार के अन्य सदस्य का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र — रौशन कुमार सिंह और गोलू कुमार सिंह — तथा एक पुत्री है। दोनों बेटे गुजरात में मजदूरी करते हैं।
थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र के बयान के आधार पर भवानीपुर थाना कांड संख्या 228/25 दर्ज कर ली गई है। कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है। क्षेत्र में विधि-व्यवस्था नियंत्रण में है, फिर भी पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।

















