


भागलपुर । सबौर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के दौरान पति–पत्नी ट्रेन की चपेट में आ गए। इस घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। मृतका की पहचान कालूचक विसपुरिया, खरीक की रहने वाली रुणा कुमारी (50) के रूप में हुई है। घायल पति नीरो यादव का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार दोनों पति–पत्नी पीरपैंती जाने के लिए घर से निकले थे। सबौर स्टेशन पर पहुंचने के बाद वे पैसेंजर ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से रुणा कुमारी ट्रेन के नीचे गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति नीरो यादव भी गिरकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल नीरो यादव को प्राथमिक देखभाल उपलब्ध कराई। मृतका के शव को कब्जे में लेकर मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।












