



भागलपुर पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत पिछले दो दिनों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई थानाक्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 122 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

थाना स्तर पर गठित विशेष टीमों ने देर रात तक चलाए गए अभियान में वारंटियों, पेंडिंग मामलों के आरोपितों, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। कई ऐसे आरोपित, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे, उन्हें भी इस अभियान के दौरान पकड़ा गया।
सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों को स्पष्ट निर्देश थे कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल व्यक्ति को चिन्हित कर तुरंत कार्रवाई की जाए।
एसपी ने कहा कि इस अभियान से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। सभी गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है तथा संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।













