



भागलपुर: ललमटिया थाना क्षेत्र के पासी टोला निवासी शिव शंकर चौधरी की मौत इलाज में देरी के कारण हो गई। परिजनों का आरोप है कि मायागंज अस्पताल की लापरवाही ने उनकी जान ले ली।
बताया गया कि बीते दिन शिव शंकर चौधरी अपने घर में अचानक गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिवार ने तुरंत उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, वे उन्हें कल शाम करीब 4 बजे मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती भी करवा दिया गया, लेकिन देर रात तक और अगले दिन सुबह तक कोई डॉक्टर उन्हें देखने तक नहीं आया। उचित इलाज के अभाव में उनकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार आज उनकी मौत हो गई।
शिव शंकर चौधरी के परिजन अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इलाज शुरू कर दिया जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।














