



भागलपुर । मां आनंदी संस्था एवं पूर्व सैनिकों के सदस्यों ने बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के कार्यालय पहुंचकर सैंडिश कंपाउंड मैदान में लिए जा रहे एंट्री शुल्क के समय में बदलाव की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संस्था की सैकड़ों महिला सदस्य भी शामिल रहीं।

मां आनंदी संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सैंडिश कंपाउंड में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक एंट्री शुल्क लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुल्क व्यवस्था के कारण मैदान के अंदर कई लड़के-लड़कियां अनुचित गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं, जिससे वातावरण प्रभावित हो रहा है। प्रिया सोनी ने कहा कि वर्तमान ठंड के मौसम को देखते हुए शुल्क वसूली के समय में परिवर्तन जरूरी है, ताकि सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को भी सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस मामले पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने पर प्रिया सोनी ने जिलाधिकारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि संस्था आगे भी समाज हित से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।













