



भागलपुर । शहर में बढ़ती जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समीक्षा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, राष्ट्रीय उच्च पथ 31 और 80 के अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में खगड़िया–कुर्सेला उच्च पथ, विक्रमशिला सेतु तथा शहर के भीतरी इलाकों में लगने वाले जाम के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि बहुत जल्द भागलपुर के लोगों को जाम की समस्या से पूरी तरह राहत दिलाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि ट्रैफिक सुधार में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को आदेश दिया कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्देश दिया कि दुकानों पर आने वाले लोग सड़क पर वाहन पार्क न करें, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए जाएं। अवैध पार्किंग हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान को और तेज करने के भी निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित ट्रैफिक सुविधा उपलब्ध हो सके।














