


भागलपुर :
बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के निर्देशानुसार एवं समस्तीपुर जिला बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में बिरौली कॉलेज, समस्तीपुर के खेल मैदान में आयोजित स्वर्गीय संजय कुमार त्रिवेदी स्मृति एकदिवसीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें बेगूसराय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में खिताब अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में बेगूसराय की टीम ने खगड़िया को 35-15, 35-21 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में बेगूसराय ने समस्तीपुर को 35-19, 35-17 से हराकर दोहरा खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार बेगूसराय के शशांक कुमार को तथा महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार बेगूसराय की माही कुमारी को प्रदान किया गया।
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा, समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनिता राम, जिला परिषद सदस्य मंजू देवी, बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर तथा जदयू नेता रणधीर कुमार मिश्रा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए घोषणा की कि महिला आयोग के तत्वावधान में मार्च माह में राज्यस्तरीय महिला बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिहार के सभी जिलों की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। उन्होंने महिला खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार पिकलबॉल संघ के सचिव रंजन कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत समस्तीपुर जिला बॉल बैडमिंटन संघ के कार्यकारी अध्यक्ष फैसल अहमद ने किया। मंच संचालन बेगूसराय जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव विकास कुमार ने किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, आयोजकों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की जानकारी बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।












