5
(1)

नवगछिया :
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नवगछिया द्वारा मंगलवार को इस्माइलपुर नगर इकाई के प्राथमिक विद्यालय, डोमाशी में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर बच्चों के बीच पाठ सामग्री का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें महापुरुषों के विचारों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र मंडल ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर छात्र हित में कार्य करना गर्व की बात है। अभाविप अपने स्थापना काल से ही शिक्षा, राष्ट्र और छात्र कल्याण के लिए निरंतर कार्य करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है, जो युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

तनु दास ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में कई बस्तियां ऐसी हैं, जहां अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से आने वाले बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षाकृत पिछड़े हैं। ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाठ सामग्री का वितरण किया गया है। साथ ही बच्चों को स्वामी विवेकानंद के जीवन संघर्ष, विचारों और आदर्शों के बारे में बताया गया, ताकि वे उनसे प्रेरणा लेकर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पाठ सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विभाग संयोजक भागलपुर अनुज चौरसिया, जिला संयोजक गौतम साहू, धर्मेंद्र मंडल, शशि, चिराग, तन्नू सहित अभाविप के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: