



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के सभागार में देर शाम सफाईकर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार ने की। इस अवसर पर नगर सभापति राज कुमार गुड्डू तथा स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने सफाईकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी नगर परिषद कार्यालय को दी जाए, ताकि उसका त्वरित निदान किया जा सके।

कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार ने बताया कि पूर्व में सफाईकर्मियों के संवेदक कल्पतरु एजेंसी द्वारा 20 दिसंबर को गलत सूची उपलब्ध कराए जाने के कारण भुगतान नहीं किया जा सका। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 20 जनवरी तक सफाईकर्मियों का भुगतान नहीं किया जाता है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि नई एजेंसी द्वारा अधिक पीएफ की कटौती किए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। इस संबंध में एजेंसी को नोटिस जारी कर विस्तृत जानकारी मांगी जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सभी सफाईकर्मियों का बकाया भुगतान तथा ड्रेस की व्यवस्था 25 जनवरी तक पूरी कर दी जाएगी।
हालांकि, सफाईकर्मियों ने इस आश्वासन पर असहमति जताई। उनका कहना था कि जब तक लंबित भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। बैठक के दौरान दर्जनों सफाईकर्मी तथा नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी उपस्थित थे।













