



नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा करारी निवासी एक सरकारी शिक्षक के बैंक खाते से 21 लाख 69 हजार 102 रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक मिथिलेश कुमार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद से पीड़ित और उनका परिवार गहरे मानसिक तनाव में है।

पीड़ित शिक्षक ने बताया कि दिनांक 22 दिसंबर 2025 को दिन के करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर लगातार बैंक से रुपये कटने के संदेश आने लगे। संदेश मिलते ही वे घबरा गए और तत्काल बैंक पहुंचकर अपने खाते का विवरण निकलवाया। खाते की जांच करने पर पता चला कि 21 दिसंबर 2025 को उनके खाते से अलग-अलग समय पर कई ट्रांजेक्शन के माध्यम से बड़ी रकम की अवैध निकासी की गई है।
जानकारी के अनुसार साइबर ठगों ने पीड़ित के खाते से 64,501 रुपये, 1,51,016 रुपये, 5,00,000 रुपये, 4,69,000 रुपये, 50,000 रुपये, 6,73,218 रुपये, 89,698 रुपये, 90,802 रुपये तथा 80,867 रुपये की निकासी की। इस प्रकार कुल 21,69,102 रुपये उनके खाते से गायब पाए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित शिक्षक ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसकी शिकायत संख्या 20512250059839 है। इसके बाद उन्होंने नवगछिया साइबर थाना में भी लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज कराया।

पीड़ित ने बताया कि वे एक सरकारी शिक्षक हैं और उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए यह राशि लंबे समय से अपने खाते में जमा कर रखी थी। अचानक हुई इस साइबर ठगी की घटना से पूरा परिवार सदमे में है और मानसिक तनाव झेल रहा है।
नवगछिया साइबर थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पीड़ित के मोबाइल फोन में एक एपीके फाइल डाउनलोड हो गई थी। इसी एपीके फाइल के माध्यम से साइबर अपराधियों ने मोबाइल को हैक कर बैंक खाते तक पहुंच बनाई और पूरी रकम निकाल ली। फिलहाल साइबर थाना की पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ठगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक, कॉल या एपीके फाइल को डाउनलोड करने से बचें और सतर्क रहें, ताकि इस प्रकार की साइबर ठगी की घटनाओं से स्वयं को सुरक्षित रखा जा सके।















