


पटना। एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ एवं बिहार बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना, पटना में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाली साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
इस संबंध में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 27 दिसंबर को अपराह्न 4 बजे आयोजित किया जाएगा। वहीं 28 दिसंबर को चार लीग मैचों का आयोजन कुशवाहा आश्रम, हाजीपुर (वैशाली) में किया जाएगा। हाजीपुर में होने वाले लीग मैचों के सफल आयोजन के लिए वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव रवि रंजन कुमार की देखरेख में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
चैंपियनशिप के दौरान एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के अध्यक्ष वाई. राजा राव, महासचिव अमिश रेगमी सहित एशियन एवं भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन “खेलेंगे, जीतेंगे, चमक बिखेरेंगे खिलाड़ी” थीम पर आधारित होगा।
बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता ने बताया कि चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था आयोजन स्थल के आसपास के विभिन्न होटलों में की गई है। वहीं भोजन की व्यवस्था आयोजन स्थल के डाइनिंग हॉल में सुनिश्चित की गई है। खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों के लिए परिवहन की समुचित व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही चैंपियनशिप में भाग लेने वाली श्रीलंका एवं भूटान की टीमों को गया (बोधगया) का भ्रमण भी कराया जाएगा। उद्घाटन एवं समापन समारोह को आकर्षक और यादगार बनाने की विशेष तैयारी की जा रही है।
संघ के उपाध्यक्ष सह प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि श्रीलंका एवं मेजबान भारत की पुरुष एवं महिला टीमें 25 दिसंबर को पटना पहुंचेंगी, जबकि भूटान एवं मेजबान भारत की पुरुष एवं महिला टीमें 27 दिसंबर की सुबह पटना आएंगी। चैंपियनशिप को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों पर पोस्टर और बैनर लगाए जाएंगे। प्रतियोगिता स्थल को आकर्षक रूप से सजाया-संवारा जा रहा है।
संघ के सचिव गौरी शंकर ने जानकारी दी कि भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के मुख्य निर्णायक केरल के एस. जी. ज्योतिष की देखरेख में मैचों का संचालन किया जाएगा। पहली बार पटना में आयोजित हो रही इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्कोर बोर्ड लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर बीएसएसएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशांक शेखर सिन्हा (आईएएस), संघ की संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव रवि रंजन कुमार, सुनील कुशवाहा सहित बॉल बैडमिंटन संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। उक्त जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार द्वारा दी गई।













