



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा में सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर रविवार को बिहार, झारखंड, नेपाल, बंगाल और छत्तीसगढ़ से आए लाखों शिव भक्त कांवरियों और डाक बमों ने मुसलाधार बारिश के बीच पवित्र डुबकी लगाई।
सुबह से ही गंगा घाट पर शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सभी श्रद्धालु अजगैबीनाथ धाम में उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल लेकर “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए पैदल और वाहनों से रवाना हुए।

जिला प्रशासन की ओर से गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवरिया पथ तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर परिषद सुल्तानगंज द्वारा गंगा घाट और पूरे शहर में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, अंचल अधिकारी रवि कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। कांवरियों और डाक बमों में विशेष उत्साह देखा गया।













