



भागलपुर और बांका जिले की सीमा पर अमरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले सोनू कुमार की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार, पिता बेचन राय, निवासी खैरा ऊपर टोला, थाना अमरपुर, जिला बांका के रूप में की ग है।

जानकारी के अनुसार सोनू किसी काम से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान डुमरामा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और सोनू को तत्काल अमरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अमरपुर पीएचसी में डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति देखते हुए तुरंत बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उन्हें मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां लगभग तीन से चार घंटों तक इलाज चला। हालांकि डॉक्टरों के लगातार प्रयासों के बावजूद सोनू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सोनू कुमार पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। घर की आर्थिक जिम्मेदारी भी काफी हद तक उन्हीं पर थी, जबकि उनके पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। सोनू की असमय मौत से पूरा परिवार शोक में डूब गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे घर में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो वाहन की पहचान और उसके चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक गरीब मजदूर परिवार से उनका सहारा छीन लिया है। परिजनों ने प्रशासन से दोषी चालक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।













