



भागलपुर । शाहकुंड थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने एक तालाब में युवक का शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान खैरा गांव निवासी मोहम्मद राजा के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि मोहम्मद राजा पांच दिन पहले अपनी ससुराल से घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन वह घर नहीं पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर उनकी मां शबीना खातून ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले मोहम्मद राजा की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।













