



भागलपुर: शनिदेव महाराज के जन्म दिवस के अवसर पर बुधवार को भागलपुर में स्थानीय गौशाला परिसर से एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में 500 से अधिक महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर भाग लिया। यात्रा ने कोतवाली चौक, खलीफाबाग, वैरायटी चौक होते हुए स्टेशन चौक और अंत में देवी बाबू का धर्मशाला पहुंचकर समापन किया। यह यात्रा सुबह 11:00 बजे प्रारंभ हुई और दोपहर 2:00 बजे समाप्त हुई।

शोभा यात्रा का संचालन प्रकाश चंद्र शर्मा और सत्यनारायण प्रसाद ने किया। प्रकाश चंद्र शर्मा शनिदेव मंदिर के कर्ता-धर्ता और मुख्य पुजारी परमेश्वर आनंद उर्फ काला बाबा के सुपुत्र हैं। यात्रा का शुभारंभ गौशाला से भागलपुर नगर निगम की पूर्व महापौर और शान-ए-शहर, डॉ. बीना यादव तथा नागरिक विकास समिति की अध्यक्षा श्रीमती कृष्णा शाह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
यात्रा में शनिदेव महाराज का चरण पादुका पालकी पर रखा गया, जिसे चार लोग लेकर चल रहे थे, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र बना। इस यात्रा में संजय शर्मा, राकेश रंजन केसरी, संजय जयसवाल, मोहन केडिया, एस पासवान, धर्मेंद्र शर्मा, मानिक शाह, जगदीश चंद्र मिश्रा, राहुल शर्मा, वंदना देवी और श्वेता भारती भी शामिल थे।

आज सुबह 5 बजे शनिदेव का अभिषेक और भव्य आयोजन
गुरुवार की सुबह 5:00 बजे शनिदेव महाराज का 151 किलो सरसों तेल और गुलाब के फूलों से अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ-साथ चना अमृत और छप्पन भोग भी लगाए जाएंगे।
भजन संध्या और भंडारा
आज शाम 7:00 बजे से “जागरण की रात भक्तों के साथ” नामक भक्ति संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो सुनील मिश्रा और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मंच संचालन राकेश रंजन केसरी करेंगे। इसके साथ ही शाम के 7:00 बजे से भंडारा भी शुरू किया जाएगा, जो रातभर जारी रहेगा।













