5
(1)

असामाजिक तत्वों ने वीडियो बनाकर फैलाया भ्रामक प्रचार

नवगछिया : नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय नवटोलिया में वर्षों से पड़े क्षतिग्रस्त एवं अनुपयोगी सामान को विद्यालय शिक्षा समिति के अनुमोदन के बाद शुक्रवार को विधिवत प्रक्रिया के तहत कबाड़ी दुकानदार को बेच दिया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंभु कुमार मंडल ने बताया कि पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो वायरल कर गलत अफवाह फैलाने का प्रयास किया गया है।

प्रधानाध्यापक ने जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालय का स्टोर रूम लंबे समय से टूटे-फूटे एवं बेकार पड़े सामानों से भरा हुआ था, जिससे विद्यालय के रख-रखाव और उपयोग में परेशानी हो रही थी। इस समस्या को देखते हुए विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया और समिति के अनुमोदन के बाद दर्जनों ग्रामीणों एवं प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में पुराने एवं क्षतिग्रस्त सामान की बिक्री की गई।

उन्होंने बताया कि बिक्री किए गए सामान में चार लकड़ी के गेट एवं एक शौचालय की शीट शामिल थी। बिक्री से प्राप्त कुल राशि विद्यालय शिक्षा समिति के कोष में जमा करा दी गई है, ताकि विद्यालय के विकास कार्यों में इसका उपयोग किया जा सके।

असामाजिक तत्वों ने बनाया भ्रामक वीडियो

बताया गया कि कबाड़ी दुकानदार जब ठेला पर सामान लादकर अपने घर जा रहा था, उसी दौरान नवटोलिया गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने ठेला चालक को रोककर डराया-धमकाया और मनगढ़ंत बातें कहलवाते हुए उसका वीडियो बना लिया। बाद में इस वीडियो को कथित अवैध एवं फर्जी यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर वायरल कर दिया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य एवं ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक के साथ पूरे मामले की जांच की। प्रधानाध्यापक शंभु कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि विद्यालय को बदनाम करने की नीयत से जानबूझकर इस तरह का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

ठेला चालक ने बताई पूरी सच्चाई

विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों द्वारा पूछताछ में ठेला चालक ने बताया कि नवटोलिया गांव निवासी एक युवक ने रास्ते में रोककर उससे गांजा पीने के लिए 200 रुपये की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर उसे डराकर वीडियो बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पुलिस ने कहा— शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनी शंभु कुमार ने बताया कि विद्यालय की ओर से अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि सिंहपुर पश्चिम पंचायत की एक युवती की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने की लिखित शिकायत मिली है, जिस पर मामला दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि असामाजिक तत्वों द्वारा गलत तरीके से वीडियो वायरल कर विद्यालय की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपील की है कि बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी की पुष्टि के बाद ही उसे साझा करें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: