



नवगछिया : सावन मास की शुक्ल पक्ष सप्तमी तिथि को गोसाईंगांव स्थित तेजस्वी पब्लिक स्कूल में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई । यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, भक्ति परंपरा और नैतिक मूल्यों को छात्रों में रोपित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संचालक सह प्रधानाध्यापक श्री सी. पी. एन. चौधरी ने की। इस अवसर पर निदेशिका अधिवक्ता रीता कुमारी, प्रबंधक नितीन कुमार, प्रेरणा सिंहा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।

अपने संबोधन में श्री चौधरी ने गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन, उनके कृतित्व और विशेष रूप से रामचरितमानस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने रामचरितमानस की कुछ प्रसिद्ध चौपाइयों का भावार्थ छात्रों को समझाते हुए उन्हें जीवन में भक्ति, मर्यादा और सेवा जैसे गुण अपनाने की प्रेरणा दी।
अन्य शिक्षकों ने तुलसीदास जी की रचनाओं—विनयपत्रिका, कवितावली,हनुमान बाहुक, दोहावली आदि की जानकारी दी और उनके साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुछ विद्यार्थियों ने तुलसीदास जी के जीवन और काव्य पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया, तो कुछ ने भजन, कविता पाठ और लघु नाटिका के माध्यम से तुलसीदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। छात्रों की प्रस्तुति ने सभी उपस्थितों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक नितीन कुमार और निदेशिका रीता कुमारी ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को धन्यवाद देते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की बात कही, जिससे विद्यार्थी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें।













