


भागलपुर । विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों में अब सिर्फ सात दिन शेष हैं, लेकिन मेला क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के भावी विधायक प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह ने गहरी नाराजगी जताई है। शुक्रवार को उन्होंने अजगैबीनाथ धाम पहुंचकर नमामि गंगे घाट, अजगैबीनाथ गंगा घाट और मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अशोक कुमार सिंह ने देश के विभिन्न राज्यों से आए कांवरियों से मुलाकात कर सुविधाओं के हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस बार की तैयारियां बेहद धीमी गति से चल रही हैं। बिजली की लगातार कटौती, पानी की किल्लत, अधूरी सड़कों और नाले की समस्याओं के कारण कांवरियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गंगा घाट पर चेंजिंग रूम की सुविधा नहीं है, जिससे महिला कांवरियों को खास परेशानी हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन कार्यों को एक-से-दो महीने पहले पूरा हो जाना चाहिए था, वे अब तक अधूरे हैं।
अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वे इन सभी समस्याओं को लेकर जिला पदाधिकारी से मिलकर समाधान की मांग करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी इस दिशा में सक्रियता दिखानी चाहिए। उन्होंने श्रावणी मेला को राष्ट्रीय मेला का दर्जा देने की भी मांग दोहराई।
इस मौके पर दर्जनों कांवरिया एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे ।












