5
(1)

भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 को लेकर की जा रही तैयारियों का गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नमामि गंगे घाट पर बैरिकेटिंग, साफ-सफाई, रंग-रोगन और मंच निर्माण कार्यों का अवलोकन किया।

जल संसाधन विभाग के अभियंता ने जानकारी दी कि बैरिकेटिंग कार्य जाली सहित पूर्ण कर लिया गया है। चौकियों की नंबरिंग की स्थिति के संबंध में अंचलाधिकारी से फीडबैक लिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चौकी व्यवस्था आज रात से हर हाल में लागू कर दी जाए।

उन्होंने कल होने वाले उद्घाटन समारोह के मंच निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि शेष सभी कार्य आज रात तक पूर्ण कर लिए जाएं। इसके पश्चात वे जहाज घाट पर बने जर्मन हैंगर पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। अधूरे कार्यों को सुबह तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने सीढ़ी घाट सहित संपूर्ण मेला क्षेत्र का भ्रमण कर शौचालय, पेयजल, भेंट स्थल, सड़क पर की गई पेंटिंग, दुकानों पर रेट चार्ट और खाद्य सामग्री की सूची की उपलब्धता की भी जांच की। उन्होंने संबंधित विभागों को चेतावनी दी कि जिनका कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है, वे आज रात तक हर हाल में उसे पूरा करें।

इसके बाद उन्होंने कृष्णगढ़ चौक पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था और नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस आवासन स्थल और मुरारका कॉलेज परिसर में बन रही पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्र, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, नगर परिषद सुल्तानगंज के सभापति राजेश कुमार गुड्डू, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजकुमार, कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित राजा, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी सुल्तानगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेले के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी श्रद्धालुओं को न हो, इसके लिए सभी व्यवस्था समय पर पूरी की जाए और निगरानी लगातार बनी रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: