



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में इस बार श्रावणी मेला श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांवरिए अपने परिवार के साथ पहुंचे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए पवित्र जल लेकर देवघर के लिए रवाना हुए। कांवरियों का कहना है कि बाबा का बुलावा आया है, इसलिए वे सैकड़ों किलोमीटर दूर से सपरिवार सुल्तानगंज पहुंचे हैं।

गंगाजल से भरे कांवर लेकर भक्तों ने “बोल बम” के जयकारों के साथ अपनी पैदल यात्रा शुरू की। इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरों पर अपार उत्साह और आस्था का भाव साफ तौर पर देखने को मिला। सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ मंदिर परिसर और गंगा घाट पर सुबह से ही रौनक बनी रही।

प्रशासन ने कांवरियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य केंद्र, जलपान स्टॉल, शौचालय और सफाई की बेहतर व्यवस्था की है। श्रावणी मेले के दौरान हर दिन लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंच रहे हैं और बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर की ओर कांवड़ यात्रा पर निकल रहे हैं।













