



भागलपुर। सुल्तानगंज प्रखंड के महेशी पंचायत अंतर्गत मोतीचक दियारा क्षेत्र से शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध की ईंट-पत्थर से कुचलकर हत्या कर शव को गंगा किनारे फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान मोतीचक गांव निवासी जयप्रकाश मंडल के रूप में हुई है। उनका शव ईंट भट्ठा के समीप गंगा के पानी के पास बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने पर अज्ञात अपराधियों की खोजबीन की जाएगी। इस घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है।













