5
(1)

भागलपुर के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने अवैध हथियार और नशीली दवाओं के कारोबार का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष समकालीन अभियान के तहत चलाए जा रहे सघन वाहन जांच एवं अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियार, विस्फोटक सामग्री, भारी मात्रा में नशीली दवाएं और नकद राशि बरामद की गई है।

सिटी एसपी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध हथियार और नशीली दवाओं के साथ क्षेत्र में सक्रिय हैं। सूचना की पुष्टि के बाद सुल्तानगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान आदर्शनगर निवासी पप्पू मंडल के पुत्र राहुल कुमार उर्फ राहुल मंडल तथा सुधीर सिंह के पुत्र सुमन कुमार उर्फ बैज सिंह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा बम, 16 जिंदा कारतूस, नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि जब्त नशीली दवाओं में नाइट्राजेपाम की कुल 1080 टैबलेट और कोडीन फॉस्फेट व ट्राइप्रोल एचसीएल मिश्रित कफ सिरप की 155 बोतलें (प्रत्येक 100 एमएल) शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 2 लाख 71 हजार 700 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार और नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनका संपर्क किसी बड़े नेटवर्क या अंतरजिला गिरोह से तो नहीं है।

सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध सुल्तानगंज थाना में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए जांच को और तेज कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: