



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम के नमामि गंगे घाट और गंगा घाट मेला क्षेत्र में बुधवार को श्रावणी मेला को लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व सीओ रवि कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने किया।
अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से गंगा घाट क्षेत्र में अवैध रूप से लगी कई दुकानों को हटाया गया। अधिकारियों ने सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से दुकान लगाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि वे सड़क से कम-से-कम पांच फीट अंदर अपनी दुकानें लगाएं। गंगा घाट पर अवैध दुकान लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह चेतावनी माइकिंग के जरिए भी दी गई।

साथ ही अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस वर्ष भी मूल्य तालिका निर्धारित की गई है। पिछले वर्ष 60 रुपये प्रति थाली भोजन निर्धारित था, जबकि इस वर्ष यह 80 रुपये कर दिया गया है। छोटे बच्चों के लिए 50 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल प्रिंट रेट के अनुसार ही सामान बेचें।
अभियान के दौरान सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। प्रशासन द्वारा की जा रही इस कार्रवाई से मेला क्षेत्र में स्वच्छता और सुगमता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।













