



भागलपुर के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहली घटना मासुगमगंज के समीप हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में मिर्जापुर निवासी अक्षय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल पहुँचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

दूसरी दुर्घटना शिवनंदपुर गांव के पास हुई, जहां बाइक सवार चार लोग हादसे का शिकार हुए। स्थानीय लोगों द्वारा सभी को रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। इस दुर्घटना में देवधा गांव निवासी रोशन कुमार दास की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसों के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।













