


भागलपुर। सुल्तानगंज थाना परिसर में शनिवार को थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता, श्रमदान के साथ मौनी अमावस्या, सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और जिला परिषद सदस्य आशा जायसवाल मौजूद रहे।

बैठक में सभी दल के राजनीतिक संगठन, समाजसेवी, वार्ड पार्षद और पंचायत के मुखिया के साथ संयुक्त बैठक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला परिषद सदस्य आशा जायसवाल ने इस मौके पर नये थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।

थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल ने मीडिया को बताया कि मौनी अमावस्या और सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में पूजा आयोजनकर्ताओं को थाना से लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया, और डीजे पर प्रतिबंध लगाने की बात की गई। मौनी अमावस्या के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। इसके साथ ही, मतदाता जागरूकता के लिए सभी पुलिस कर्मियों ने शपथ ली और लोगों को जागरूक करने की बात कही।

इसके अलावा, जिला प्रशासन के निर्देश पर थाना परिसर में श्रमदान करते हुए पुलिस कर्मियों और राजनीतिक संगठनों के साथ थाना परिसर की सफाई की गई। इस दौरान शांति समिति के अध्यक्ष दीपांकर कुमार, वार्ड पार्षद संजय चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, विनोद रजक, रुबी देवी, शोभा देवी, राजद प्रमुख अध्यक्ष कैलाश प्रसाद यादव, नगर राजद अध्यक्ष अफरोज आलम, जदयू नेत्री प्रेमप्रभा सिन्हा, अलका चौधरी सहित अन्य राजनीतिक संगठन के लोग मौजूद थे।












