


नवगछिया । पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के नेतृत्व में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस जिला नवगछिया को स्वीकृत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं में विश्वास स्थापित करने के लिए सभी सुरक्षा बलों को सतर्क रहना होगा।
बैठक में CAPF के जवानों की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, गश्ती दलों की निगरानी, मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इसे निर्भय वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।















