


भागलपुर : विश्वविद्यालय के औद्योगिक संबंध एवं कार्मिक प्रबंध विभाग (आईआरपीएम) में गुरुवार को “स्वच्छ कैंपस, हरा-भरा कैंपस 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभाग के स्नातकोत्तर सेमेस्टर-1 के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता एवं हरियाली से जुड़े प्रेरक और आकर्षक स्लोगनों का प्रदर्शन किया, जिससे परिसर में स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) निर्मला कुमारी के संदेश से हुई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और हरियाली केवल अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने सभी से एक स्वच्छ, सुंदर और हरित भविष्य की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर (डॉ.) रवि प्रकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यदि हमें विकसित राष्ट्र की कल्पना को साकार करना है तो स्वच्छता को अपनाना अनिवार्य होगा। उन्होंने छात्रों से स्वच्छता के प्रति सजग रहते हुए समाज में भी जागरूकता फैलाने की अपील की।

इस अवसर पर श्री मुकेश कुमार विजेता ने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी पूरा होगा जब जन-जन इस अभियान से जुड़ेगा। वहीं डॉ. देवेंद्र कुमार ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, तभी भारत को स्वर्ग समान बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में संयोजक श्री महादेव कुमार ने अपने संदेश “स्वच्छता से आएगी सुंदरता, हरियाली से आएगी खुशहाली” के साथ सभी प्रतिभागियों, शिक्षकगण एवं छात्रों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयशा, राहुल, रोज़, आशीष, आयुष, गौतम, बादल, सोनू, अंशु लक्ष्मी, मौसम, वर्षा, शाहिद अंसारी, शाहीन परवीन सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने टीम लीडर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












