



भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के नव नियुक्त प्रभारी कुलपति के रूप में बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के कुलपति प्रो. विमलेन्दु शेखर झा ने शनिवार को प्रशासनिक भवन स्थित कार्यालय पहुंचकर योगदान दिया।
ज्ञात हो कि 22 अगस्त को प्रो. जवाहर लाल का तीन वर्षीय कार्यकाल समाप्त होने के बाद राजभवन सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर 23 अगस्त से बीएनएमयू कुलपति प्रो. विमलेन्दु शेखर झा को टीएमबीयू के प्रभारी कुलपति का अतिरिक्त दायित्व सौंपा था।
प्रभारी कुलपति के विश्वविद्यालय पहुंचने पर अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने अंगवस्त्र और बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रो. झा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कोई भी फाइल लंबित नहीं रखी जाएगी और पेंशनरों की समस्याओं का भी निवारण किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु संकल्पबद्ध होने की बात कही।

मौके पर टीएमबीयू के कुलसचिव डॉ. रामाशीष पूर्वे, बीएनएमयू के कुलसचिव डॉ. अशोक ठाकुर, टीएमबीयू के एफए, डीएसडब्ल्यू, प्रॉक्टर, सीसीडीसी, परीक्षा नियंत्रक सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं शाम को कुलपति आवास पर टीएमबीयू के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर, टीएनबी कॉलेज के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. रवि शंकर कुमार चौधरी, यूडीटीए के सचिव विवेक कुमार हिंद, सीनेट सदस्य डॉ. निशांत सिंह, डॉ. अमित कुमार, नवनीत कुमार, डॉ. बद्री नाथ झा, डॉ. आशीष मिश्रा सहित कई शिक्षकों ने मिथिला पाग, अंगवस्त्र और बुके भेंटकर उनका अभिनंदन किया।













