



नवगछिया। एसपीएस ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र, नवगछिया के खिलाड़ियों ने भागलपुर में आयोजित बिहार सरकार द्वारा प्रायोजित भागलपुर जिला स्तरीय विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता खेल भवन, भागलपुर में संपन्न हुई, जिसमें नवगछिया के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में एसपीएस ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी आराध्या सिंह, प्रिया कुमारी, शिवम कुमार, हरिओम कुमार और ललित कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं देवाश्री ने रजत पदक जीता, जबकि आनन्या वत्सले और संजीव कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे नवगछिया में खुशी की लहर दौड़ गई।

खिलाड़ियों की सफलता पर नवगछिया प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार, शिक्षाविद सुमित कुमार साहू, कंचन सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर, संजय कुमार सुमन, विवेक कुमार, मीनाक्षी कुमारी, पल्लवी कुमारी, लक्ष्य कुमार, हर्षिता और सनी कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बधाई दी।

प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला स्तर पर पदक प्राप्त करना नवगछिया के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर क्षेत्र का नाम और ऊँचा करने की शुभकामनाएँ दीं।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने कहा कि नवगछिया के ताइक्वांडो खिलाड़ी हमेशा क्षेत्र का मान बढ़ाते हैं। उनकी मेहनत और लगन से नवगछिया लगातार गौरवान्वित हो रहा है, जो पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है।
















