




नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकरामी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 (NH-31) पर एक तेज रफ्तार कार ने संतुलन खो दिया और सड़क किनारे लगे आम के ठेले में टक्कर मार दी। इसके बाद कार लगभग 5 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में आम बेच रही एक युवती रेशमा खातून उर्फ दिलशाना, पिता अशरफ अली घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से खगड़िया की ओर से आ रही थी। चकरामी गांव के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर पहले फुटपाथ पर लगे ठेले में टकराया और फिर खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर लगभग 50 मीटर तक आम बिखर गए।

पीड़िता के पिता अशरफ अली ने बताया कि ठेले और फलों की क्षति से उन्हें 30 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।














