



भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। हादसा पक्की सड़क के पास उस समय हुआ जब 65 वर्षीय प्रभा देवी सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि प्रभा देवी सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुटे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना घोघा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद टोटो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

प्रभा देवी की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में शोक का माहौल है और लोग हादसे से आक्रोशित हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
















