



भागलपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। भगवान पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक खगड़िया से नवगछिया की ओर बाइक से जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक जैसे ही भगवान पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय भवानीपुर पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के नारी कुमेरी गांव निवासी रामप्रसाद साहू के 31 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और कुशेश्वर थाना क्षेत्र के कुशेश्वर गांव निवासी स्वर्गीय गोपाल साह के 23 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में हुई है।

घायल कन्हैया कुमार ने अस्पताल में बताया कि वे दोनों रिश्ते में मौसेरे भाई हैं और किसी पारिवारिक कार्य से खगड़िया से नवगछिया जा रहे थे। अचानक सामने से आ रही ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और उसके चालक की तलाश की जा रही है, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उधर, अस्पताल में दोनों युवकों का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।













