



भागलपुर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 का भव्य उद्घाटन सुलतानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने की। कार्यक्रम में बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री एवं भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सिंह, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, विधान परिषद सदस्य डॉ. एनके यादव, सुलतानगंज विधायक ललित नारायण मंडल, बिहपुर विधायक कुमार शैलेंद्र, पीरपैंती विधायक ललन कुमार, कहलगांव विधायक पवन कुमार यादव, जिला परिषद भागलपुर के सदस्य मिथुन यादव, नगर परिषद सुलतानगंज के सभापति राजेश कुमार गुड्डू, उपसभापति नीलम देवी समेत अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार सुलतानगंज और आसपास के इलाकों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बाबा अजगैबीनाथ मंदिर के समीप गंगा को उत्तरवाहिनी करने की दिशा में 200 करोड़ की लागत से सफाई और विकास कार्य चल रहा है।
उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नए बाईपास, फोरलेन सड़कों, मरीन ड्राइव और हवाई अड्डा परियोजनाओं का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सुलतानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी और मुंगेर होते हुए भागलपुर तक मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि नमामि गंगे घाट के सामने की रेलवे की 17 एकड़ जमीन को पर्यटन विभाग को हस्तांतरित कर उस पर पर्यटन के दृष्टिकोण से विशेष विकास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुलतानगंज में एयरपोर्ट की योजना ग्रीन प्रोजेक्ट के तहत लाई गई है और जल्द ही बाबा अजगैबीनाथ के नाम पर हवाई अड्डा बनाया जाएगा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सावन मास में “बोल बम” के जयघोष के साथ कांवरियों की 105 किलोमीटर लंबी पदयात्रा एक बड़ी तपस्या है। उन्होंने इसे जनआस्था और शिवभक्ति की अद्भुत मिसाल बताया।
सुलतानगंज विधायक ललित नारायण मंडल ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखे हैं, जिन्हें स्वीकृति मिल रही है।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि नमामि गंगे के सामने की रेलवे की भूमि पर 20 करोड़ 80 लाख की लागत से दो भव्य धर्मशालाओं का निर्माण किया जाएगा, जिसका शिलान्यास आज ही होगा। इसके अलावा क्षेत्र में नई सड़कों का निर्माण, बाईपास योजना और गंगाजल से सिंचाई सुविधा जैसे कई कार्यों को जल्द शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर पूरे उद्घाटन स्थल को भव्य रूप से सजाया गया था। भक्तों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मीडिया की उपस्थिति में कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उद्घाटन के साथ ही आधिकारिक रूप से श्रावणी मेले की शुरुआत हो गई है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु शामिल होने के लिए पहुँच गए हैं ।













