



नवगछिया। नवगछिया क्रिकेट लीग के तहत खिलाड़ियों के चयन के लिए तेतरी मैदान, नवगछिया में चयन शिविर का आयोजन किया गया। चयन शिविर का उद्घाटन नवगछिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना के साथ खेलने की अपील की।

इस अवसर पर नवगछिया थाना प्रभारी रवि शंकर सिंह, नवगछिया क्रिकेट लीग के संयोजक घनश्याम प्रसाद, अध्यक्ष सरोज झा, सचिव संतोष कुमार, प्रखंड संयोजक अशोक सिंह, मुकेश सिंह, नीतीश गोस्वामी, सूरज लाठ, अजेश साहू, डॉ. अविनाश कुमार, विवेकानंद यादव, बबलू कुमार सहित कई खेलप्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

चयन शिविर के प्रथम चरण में गोपालपुर, रंगरा इस्माइलपुर प्रखंड तथा नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र के पंजीकृत खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
नवगछिया क्रिकेट लीग के संयोजक घनश्याम प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण के चयन शिविर में कुल 80 पंजीकृत खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से की जा रही है, ताकि योग्य खिलाड़ियों को अवसर मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि दूसरे चरण में शेष प्रखंडों के खिलाड़ियों के लिए अलग से चयन शिविर आयोजित किया जाएगा। नवगछिया क्रिकेट लीग के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और क्रिकेट को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। चयन शिविर को लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला।















