



भागलपुर में ठंड और घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगातार बढ़ रही ठंड के साथ सुबह और देर रात छाए कोहरे से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। विशेषकर वाहन चालकों को कम दृश्यता के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

घने कोहरे के कारण कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर-अमरपुर मुख्य मार्ग पर गौराचौकी के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक रायपुर से भागलपुर की ओर आ रहा था, लेकिन कोहरे के कारण चालक को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया, जिससे यह घटना घटी।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो जा रही है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं ठंड बढ़ने से गरीब और जरूरतमंद लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है।
प्रशासन और यातायात विभाग की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे कोहरे के समय धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट का प्रयोग करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।













