5
(1)

भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में संपूर्ण भागलपुर जिला एवं शहरी क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नवगछिया, नगर पुलिस अधीक्षक भागलपुर, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त नगर निगम, जिला परिवहन पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के अधिकारी, राष्ट्रीय उच्च पथ-31 एवं राष्ट्रीय उच्च पथ-80 के कार्यपालक अभियंता तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, मुंगेर/भागलपुर प्रमंडल के प्रबंध निदेशक उपस्थित थे।

बैठक में खगड़िया–कुर्सेला मार्ग, विक्रमशिला सेतु तथा कहलगांव–भागलपुर मार्ग पर पिछले दो दिनों से लग रहे ट्रैफिक जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि विक्रमशिला सेतु से 1–2 किलोमीटर पहले ही भारी वाहनों की ओवरलोडिंग जांच सुनिश्चित की जाए। सेतु पर ओवरटेक करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाने और उनके चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए गए। सेतु पर जगह-जगह साइन बोर्ड लगाने का भी आदेश दिया गया।

साइन बोर्ड पर यह संदेश अंकित रहेगा—
“आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं। ओवरटेकिंग करने पर आप पर जुर्माना लगाया जाएगा तथा आपका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।”

ओवरलोडिंग करने वालों पर ₹10,000 तक का जुर्माना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी को बस यूनियन से वार्ता कर एक सहमति पत्र तैयार कराने का भी आदेश दिया गया।

राष्ट्रीय उच्च पथ-80 के कार्यपालक अभियंता को विक्रमशिला पुल के दोनों छोर पर क्रेन की स्थायी व्यवस्था, ब्रेकडाउन वाहनों को शीघ्र हटाने और क्रेन के लिए तीन शिफ्टों में ड्राइवर तैनात करने का निर्देश दिया गया। क्रेन चालकों के संपर्क नंबर संबंधित अधिकारियों के साथ साझा किए जाएंगे।

जिला खनिज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि खनिज विभाग द्वारा जप्त किए गए तथा नवगछिया की ओर सड़क पर खड़े लगभग 50–52 भारी वाहनों को आज रात तक अन्यत्र स्थानांतरित कराया जाए।

राष्ट्रीय उच्च पथ-31 के कार्यपालक अभियंता को सुल्तानगंज–मुंगेर मार्ग को भारी वाहनों के लिए शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया गया, ताकि विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का दबाव कम हो सके। साथ ही घोगा–मिर्जा चौकी एवं घोगा–भागलपुर मार्ग को भी शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने एनटीपीसी, कहलगांव को सीएसआर मद से विक्रमशिला पुल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और एक क्रेन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। एनटीपीसी ने बताया कि 15 दिसंबर तक सीसीटीवी स्थापना हेतु राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।

बैठक में एसी–डीसी बिल और निर्वाचन से संबंधित लंबित विपत्रों को लेकर भी कई आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: