



भागलपुर। इस्माइलपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय 519 टोला की शिक्षिका उपासना सिंह के विरुद्ध उत्तर प्रदेश में रहते हुए विद्यालय में उपस्थिति दर्ज करने के आरोप पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा कार्रवाई का आदेश पारित किया गया है।

यह मामला ग्राम मवाड़ी, इस्माइलपुर नवगछिया निवासी परिवादी सोहन मंडल द्वारा ऑनलाइन शिकायत संख्या 422110109062506339 के माध्यम से उठाया गया था। शिकायत में बताया गया कि शिक्षिका उपासना सिंह अप्रैल और मई माह में कई दिनों तक विद्यालय में उपस्थित नहीं रहीं, जबकि वे अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश में रहकर विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कर रही थीं।

सुनवाई के दौरान शिक्षिका उपासना सिंह अनुपस्थित रहीं। लोक प्राधिकार जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर के प्रतिनिधि एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शिक्षा विभाग ने अपने प्रतिवेदन में बताया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इस्माइलपुर द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि 2 मई 2025 को उपासना सिंह ने विद्यालय से लगभग 298 किलोमीटर दूर रहते हुए उपस्थिति दर्ज की।
इस गड़बड़ी को देखते हुए शिक्षिका उपासना सिंह और विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनका वेतन भी स्थगित कर दिया गया है। प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि दोषी शिक्षिका और प्रधानाध्यापक से समुचित स्पष्टीकरण प्राप्त कर यदि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता है तो विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने परिवादी के आरोप को स्वीकार करते हुए यह आदेश जारी किया है।














