



भागलपुर ।
डीआरडीए सभागार, भागलपुर में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह (भाप्रसे) की अध्यक्षता में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निदेशक, लेखा निदेशक, ग्रामीण निकाय, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि द्वितीय एवं तृतीय किस्त के अंतरण हेतु लंबित जियो-टैगिंग कार्य को अविलंब पूरा किया जाए। इसके साथ ही लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत आवास स्वीकृति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल सके।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—राज्य परिवार लाभ, राष्ट्रीय परिवार लाभ एवं कबीर अंत्येष्टि योजना—के तहत अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश प्रखंड स्तर के अधिकारियों को दिया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक बिना किसी विलंब के पहुँचना प्रशासन की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत सभी पंचायतों में भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया। इसी तरह सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के लंबित भुगतानों के शीघ्र निपटान का निर्देश भी दिया गया। बैठक में 15वीं व 6वीं वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार लागू करने पर बल दिया गया।
बैठक के समापन पर उप विकास आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक सुरक्षा, जीविका, सोलर स्ट्रीट लाइट तथा वित्त आयोग सहित सभी प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से आमजन को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाना ही जिला प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य है।
















