


प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में लोगों को किया गया जागरूक
भागलपुर। आगामी बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को लेकर मंगलवार को जगदीशपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने किया।
रैली में बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी, जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका-सहायिका, मध्य विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में मतदाता जागरूकता से संबंधित तख्तियां लेकर और नारे लगाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं ने “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे जोरदार नारे लगाते हुए लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने की अपील की, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। रैली प्रखंड कार्यालय से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः प्रखंड परिसर में संपन्न हुई।
रैली के दौरान लोगों को मतदान के महत्व के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी आवश्यक है। प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा, “मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, ताकि बेहतर शासन और विकास सुनिश्चित हो सके।”
इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों की टीम, जीविका समूह की महिलाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों को स्वच्छता और मतदान दोनों के महत्व से अवगत कराया। रैली में उपस्थित अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे आगामी 3 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।















