


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर बुधवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका महिला की पहचान मीणा देवी, पति हीरो पंडित, घर लौवालगाम, थाना चौसा, जिला मधेपुरा के रूप में हुई ।
यह हादसा उस समय हुआ जब जाम की स्थिति के कारण सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल के पास एक अज्ञात वाहन ने ओवरटेक के दौरान महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका मधेपुरा जिला के चौसा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और वह सब्जी खरीदने जाह्नवी चौक हाई लेबल जा रही थी। महिला अपने पुत्र गौतम कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकली थी। बताया जा रहा है कि विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ सड़क पर जाम लगा हुआ था, जिस कारण मोटरसाइकिल सड़क के किनारे खड़ी की गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से ओवरटेक करते हुए आ रहे अज्ञात वाहन ने महिला को जोरदार ठोकर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पुत्र गौतम नें इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।
घटना की सूचना पर यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। वहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं
इस संबंध में मृतका के पति हीरो पंडित द्वारा पुलिस को आवेदन दिया गया है। आवेदन में बताया गया है कि मृतका मीणा देवी, पति हीरो पंडित, दिनांक 7 जनवरी 2026 को शाम लगभग 6:30 बजे अपने पुत्र गौतम कुमार के साथ मोटरसाइकिल संख्या BE43AH 4269 से घर से सामान खरीदने निकली थीं। मोटरसाइकिल उनका पुत्र चला रहा था और मीणा देवी पीछे बैठी थीं।
आवेदन के अनुसार जब वे विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ की ओर जा रहे थे और हाई लेवल चिमनी क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर आगे पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मीणा देवी सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। कि दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को दी गई। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो मीणा देवी मृत अवस्था में पाई गईं। इसके बाद पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतका के पति ने प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का परिणाम है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी चालक का पता लगाया जा सके।












