



भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 में उपचुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए। इस चुनाव में तीन प्रत्याशी – गुनेश्वर मंडल, वहीदा प्रवीण और शाहिदा खातून ने पार्षद पद के लिए अपनी किस्मत आजमाई थी। आज सदर एसडीओ कार्यालय के सभागार में हुई मतगणना के दौरान गुनेश्वर मंडल ने अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए 238 मतों से जीत दर्ज की।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी। विजयी उम्मीदवार को फूल मालाओं से स्वागत किया गया और गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया गया।

गुनेश्वर मंडल ने जीत के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले उनके पुत्र जीवन मंडल वार्ड संख्या 10 के पार्षद थे, लेकिन बीएससी शिक्षक पद पर नियुक्ति के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद गुनेश्वर मंडल ने उपचुनाव में नामांकन किया और जनता ने उन्हें आशीर्वाद देकर विजयी बनाया।
उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता वार्ड संख्या 10 के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना है।
गुनेश्वर मंडल की जीत के साथ ही वार्ड संख्या 10 को एक नया पार्षद मिल गया है, जिससे स्थानीय लोगों को नई उम्मीदें जुड़ती नजर आ रही हैं।













